शामली में प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने वाले युवकों पर दर्ज हुआ मुकदमा

  • जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव दरगाहपुर में फूंका गया था पुतला
  • भाजपा जिलाध्यक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी पुलिस

दीपक वर्मा@शामली। देश के प्रंधानमत्रीं का पुतला फुंकने और प्रदर्शन के दौरान अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर पुतले की जूते से पिटाई करने वालों को भाजपा नेताओं ने आड़े हाथों लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने आरोपियों के खिलाफ झिंझाना थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमें में पुतला दहन के प्रायोजक भारतीय समाज रक्षक युवा मोर्चा के राष्टीय अध्यक्ष सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए आठ अज्ञात को भी शामिल किया गया है।

क्या है पूरा मामला?
जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव दरगाहपुर में गुरूवार को भारतीय समाज रक्षक युवा मोर्चा द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया था। पुतला दहन के दौरान प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित नारेबाजी भी की गई थी, जबकि पुतले को जूते से भी पीटा गया था। इतना सब कुछ करने के बाद प्रदर्शन करने वाले लोगों ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। मामले की जानकारी होने पर भाजपाईयों में आक्रोश की लहर दौड़ गई थी। बताया जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने मामले पर संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद उनके द्वारा झिंझाना थाने पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
भाजपा जिलाध्यक्ष सतेन्द्र तोमर की तहरीर पर पुलिस ने पुतला दहन और प्रदर्शन के प्रायोजक भारतीय समाज रक्षक युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दरगाहपुर निवासी प्रिंस कोरी समेत शौकीन, संदीप और रवि को नामजद करते हुए आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 188 व संयुक्त प्रांत स्पेशल पावर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।