सूटकेस में मिले शव का खुलासा: दहेज न मिलने पर नवविहिता की हत्या

Spread the love

पति, सास-ससुर गिरफ्तार

विनोद पांडेय @ गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत दशमेश वाटिका के पास सोमवार की सुबह सूटकेस में बंद मिली नव विवाहिता की लाश की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने 15 घंटे में ही खुलासा कर दिया।

युवती की हत्या दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने अंजाम दिया। वहीं, बुलंदशहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति आमिर खान, ससुर मुस्लिम खान और सास जमीला को गिरफ्तार कर लिया। मृतक बरीशा के भाई इस्माइल ने हत्या का आरोप उसके पति, ससुर और सास पर लगाया था।

मृतका मूल रूप से अलीगढ़ की रहने वाली थीं। 1 जून को बुलंदशहर के रहने वाले आमिर के साथ उसकी शादी हुई थी। एसएसपी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी डॉ.मनीष मिश्रा,सीओ महिपाल सिंह ने मौका मुआयना किया था। इसके बाद टीम गठित कर घटना के खुलासे के लिए निर्देशित किया गया।

एसएसपी नैथानी ने बताया कि सोशल मीडिया में भी मृतका का फोटो और एक संदेश वायरल किया। आसपास के जिलों और दिल्ली में करीब 15 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों,डीसीपी से संपर्क किया गया। इसके अलावा सोशल मीडिया के करीब 1500 वॉट्सऐप गु्रप में फेसबुक-ट्विटर पर फोटो समेत जानकारी अपलोड की गई। सोशल मीडिया पर दिखाई दिए फोटो के आधार पर दिल्ली के उत्तम नगर में रहने वाले मृतका के दूर के रिश्तेदार ने पहचान की।

इसके बाद मृतकों के परिजनों से संपर्क किया और फोटो मैसेज दिखाकर शव की शिनाख्त कराई। मृतका की पहचान बरीशा (25) पुत्री जफर अली निवासी मोहल्ला नसीरा कस्बा जलाली थाना हरदुआगंज अलीगढ़ और ससुराल मोहल्ला इस्लामनगर थाना कोतवाली नगर बुलंदशहर के रूप में हुई। एसएसपी नैथानी ने बताया कि युवती की हत्या का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

पुलिस ने गहनता से जांच की तो पता चला कि लड़की के मायके वालों ने थाना कोतवाली नगर बुलंदशहर में 25 तारीख को दहेज हत्या के संबंध में तहरीर दी थी। जनपद बुलंदशहर में अलीगढ़ से संबंधित मामला है। इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि इस पूरे मामले को महज 15 घंटे के अंदर ही सुलझाने वाली टीम को 15 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की हैं। मृतका के परिजनों ने साहिबाबाद थाने पहुंचकर पहचान करते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बहन की शादी बुलंदशहर के रहने वाले आमिर पुत्र मुस्लिम के साथ 1 जून को हुई थी। आरोप है कि तभी से वह दहेज की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसको प्रताडि़त करते थे। मृतका के भाई इस्माइल ने बताया कि बरीशा 23 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई थी। अब उन्हें यह सूचना मिली कि उसका शव साहिबाबाद क्षेत्र के दशमेश वाटिका से बरामद हुआ है।