केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए तीन अध्यादेशों के बारे में कांग्रेस कर रही है भ्रामक प्रचार : दुष्यंत चौटाला

Spread the love


IN8@गुरुग्राम… हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोई भी अध्यादेश जारी नहीं किया है। केंद्र सरकार तीन अध्यादेश लेकर आई है, जिसके अंदर किसान की फसल एमएसपी अर्थात न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उसी तरीके से खरीदी जाती रहेगी जैसे कि अब खरीदी जा रही है, इस व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दुष्यंत रविवार को गुरुग्राम जिला के गांव भौड़ाकलां में पूर्व विधायक गंगाराम के पौत्र मोहित कुमार के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करने आए थे। उन्होंने गांव में ही महेश चौहान के निवास पर जन समस्याएं सुनी और मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि अध्यादेशों से किसान को बहुत नुकसान होगा, जबकि इसके विपरीत इन अध्यादेशों से किसान की बचत पहले से भी ज्यादा होगी और हमारा मंडी का सिस्टम भी धराशायी नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार सरकार सरसों और नरमे आदि फसलों की खरीद के लिए निजी खरीददारों के पीछे जाती थी, उनको मोनिटर करती थी। इन अध्यादेशों में ऐसे लोगों को छूट दी गई है कि अगर वे मंडी एरिया से बाहर यदि फसल खरीदते और बेचते हैं तो मार्केट फीस के अंतर्गत ही काम करना पड़ेगा।

इससे किसान को कोई नुकसान नहीं होगा, उनकी फसल तो एमएसपी पर खरीदनी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पीपली घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि वहां पर उन लोगों के विरुद्ध जांच होनी चाहिए, जिन्होंने पहले रोका और फिर उन्हीं ने अनुमति देने का काम किया।