पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा सु-धरा परियोजना के अन्तर्गत सामुदायिक कार्यक्रम का किया गया आयोजन

IN8@नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस के मौके पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा आज शाहदरा उत्तरी के क्षेत्रीय कार्यालय में सु-धरा परियोजना के अन्तर्गत सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘‘कचरे से संपदा‘‘ से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्षद, सुश्री कुसुम तोमर और सुश्री सुमन लता नागर सहित शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त राजशेखर, मुख्य अभियंता प्रदीप कुमार खंडेलवाल, सहायक आयुक्त सुनील त्रिपाठी सहित स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।

सु-धरा परियोजना के अन्तर्गत किए गए इस कार्यक्रम में स्वच्छता एवं जैविक कचरे को खाद में बदलने पर एक नाटक का आयोजन किया गया जिसे कार्यक्रम में भाग लेने आये लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा जैविक कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया और कचरे से संपदा अभियान पर एक विस्तृत चर्चा का आयोजन किया गया। साथ ही मंदिरों और घरों में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था और कार्यप्रणाली में आने वाली समस्याओं पर भी बात की गई।

कचरे से संपदा विषय पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा लोगों में जागरूकता लाने के मकसद से 25 जनवरी को पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में चित्रकारी प्रतियागिता आयोजित की गई थी। इसक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित की किया गया। बता दें कि सु-धरा परियोजना वैज्ञानिक तौर पर एक स्थायी अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली का निर्माण कर रही है जिसमें एक ओर अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीके लगायी जा रही है वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर छोटे पैमाने पर ऐसे विकल्प लगाये जा रहे है जिनसे कचरे से संपदा यानि उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया जा सकता है।