सुरेन्द्र सिंह भाटी@बुलंदशहर। अनूपशहर:-अनूपशहर-अलीगढ़ स्टेट हाईवे पर कर्णवास मोड़ के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुमंगलम ढाबे के निकट डिबाई दोराहे की तरफ से आ रही मेरठ नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार और अनूपशहर की ओर से जा रहे अलीगढ़ नंबर के टेंपो में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि टेंपो हाईवे पर ही पलट गया, जबकि कार सड़क के किनारे जाकर रुकी। हादसे में टेंपो सवार दो परिवारों के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
टक्कर के दौरान हुई जोरदार आवाज को सुनकर सुमंगलम ढाबे पर काम कर रहे कर्मचारी और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। हाईवे पर पलटे टेंपो के नीचे दबे घायलों में चीख-पुकार मची हुई थी। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आनन-फानन में सभी सवारियों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
टेंपो सवार घायलों में फूल बानो (28),फिरोजाबाद के टूंडला की रहने वाली उनकी मां हसीना (60) और चचिया ससुर मुनीर (60) शामिल हैं, जो अनूपशहर डॉक्टर को दिखाकर छतारी थाना क्षेत्र के गांव त्योर बुजुर्ग जा रहे थे। वहीं, दूसरे परिवार के बाबापुर निवासी रोशन लाल (66), उनकी पत्नी राजवती (62), बेटी बबीता (25) और छोटे भाई रमेश कुमार (45) अनूपशहर बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे, जो इस हादसे का शिकार हो गए।
कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी 7 घायलों को तुरंत अनूपशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए 5 घायलों को जिला अस्पताल और हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन कार सवार सुरक्षित हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में है और घायलों के इलाज के साथ-साथ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
