JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव का निधन:बेटी ने लिखा- पापा नहीं रहे

Spread the love

75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

पटना @ JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का निधन हो गया है। शरद यादव की बेटी शुभाषिनी यादव ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। शुभाषिनी ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘पापा नहीं रहे’। उनकी उम्र 75 साल थी। शरद यादव की तबीयत काफी दिन से खराब चल रही थी।

गुरुवार की देर शाम उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात 9 बजे उनका निधन हो गया। शरद यादव उन नेताओं में रहे हैं जो लालू प्रसाद और नीतीश कुमार दोनों के साथ रहे, लेकिन नीतीश कुमार से राजनीतिक रिश्ते खराब होने के बाद शरद यादव अलग-थलग पड़ गए थे। गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से भी उनकी राजनीतिक गतिविधियां काफी कम गई थीं।

शरद यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालू यादव, बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा समेत कई नेताओं ने दुख जताया है।

वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे
शरद यादव ने 1999 और 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में विभिन्न विभागों में मंत्री रहे थे। 2003 में शरद यादव जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष बने थे। वह NDA के संयोजक भी रहे। साल 2018 में जदयू से अलग होकर लोकतांत्रिक जनता दल (LJD) बनाया था। पिछले साल अपनी पार्टी के RJD में विलय की घोषणा कर दी थी।

PM मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।