फोरेंसिक टीम ने फिर खंगाले संदिग्ध मकान

  • डबल मर्डर प्रकरणरू आर्यपुरी में इन दो मकानों से पहले भी लिए थे सैंपल
  • पुलिस ने दोनों मकानों को फिर किया सील

संवाददाता@ कैराना। ढाई माह पूर्व जगनपुर के जंगल से बरामद हुए दो बेटियों के शवों की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। दोहरे हत्याकांड में पुलिस का संदेह आर्यपुरी बंजारा बस्ती में स्थित दो संदिग्ध मकानों पर गहरा रहा है। मेरठ जोन से आई फोरेंसिक विभाग की टीम द्वारा रविवार को एक बार फिर दोनों मकानों को खंगाला गया। जहां जांच करने के बाद फिर ससे मकानों को सील करा दिया गया है।
20 मई को जगनपुर गांव के जंगल से दो अज्ञात लड़कियों के शव मिलने की वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस हत्यारों की परछाई तक तलाश नहीं पाई है और न ही अभी तक शवों की शिनाख्त हो सकी। इस पूरी वारदात में पुलिस की शक की सुईं कैराना देहात के आर्यपुरी बंजारा बस्ती में स्थित दो मकानों पर घूमी हुई है। रविवार को मेरठ जोन से विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम एक बार फिर कैराना कोतवाली पहुंची। जहां टीम ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमवीर सिंह राणा से वार्ता की। इसके बाद कोतवाली प्रभारी के साथ में आर्यपुरी बंजारा बस्ती में उपरोक्त मकानों पर पहुंची। टीम ने मकानों की सील हटवाई, जिसके बाद टीम मकानों के अंदर पहुंची। टीम ने गोपनीय तरीके से जांच की गई। माना जा रहा है कि टीम ने मकान के अंदर से कोई संदिग्ध सामान भी अपने कब्जे में लिया हो। हालांकि, इस बारे में अभी अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। मकानों में जांच करने के बाद टीम लौट गई। बाद में पुलिस द्वारा फिर से मकानों को सील कर दिया गया है।

मकानों में मिले थे खून जैसे धब्बे
डबल मर्डर प्रकरण के राजफाश के लिए पुलिस टीमें निरंतर लगी हुई है। कभी घटनास्थल से तो कभी संदिग्ध ठिकानों पर जाकर साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गत छह जून को भी विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने आर्यपुरी में इन दोनों मकानों से खून जैसे धब्बे मिलने पर सैंपल लिए थे, जिन्हें लड़कियों के डीएनए मैच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। तभी से यह मकान सील है।

यह है मामला
20 मई 2020 को क्षेत्र के गांव जगनपुर के जंगल से शाम करीब सात बजे दो अज्ञात लड़कियों के शव बरामद हुए थे। हत्या करने के बाद दोनों शवों को ईंख के खेत में फेंका गया था। इस मामले में ग्राह प्रहरी की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

इनका कहना-
डबल मर्डर प्रकरण के राजफाश के लिए टीम लगी हुई है। फोरेंसिक टीम के साथ में आज फिर आर्यपुरी के दो मकानों में जांच की गई है। पूर्व में इन मकानों से खून जैसे धब्बे मिलने पर सैंपल भी लिए गए थे। मकानों को फिर से सील करा दिया गया है। मकान मालिक फरार हैं, उनकी भी तलाश की जा रही है।
-प्रेमवीर सिंह राणा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना।