लॉकडाउन में दो महिलाओं की हत्या, जंगल में फेंके शव

जगनपुर गांव के जंगल में दो अज्ञात शव मिलने से फैली सनसनी

हत्या के बाद शवों को रस्सियों से बांध फेंकने का अंदेशा, पुलिस में खलबली
दीपक वर्मा@ शामली कैराना। कैराना के जगनपुर गांव के जंगल में दो अज्ञात महिलाओं के शव बरामद हुए हैं। दोनों महिलाओं के शवों को रस्सियों से बांधकर फेंका गया है। महिलाओं के सिर पर गंभीर घाव के निशान भी मिले हैं। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। उधर, लॉकडाउन ब्लाइंड डबल मर्डर की वारदात ने जनपद समेत पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है।
कैराना क्षेत्र के गांव जगनपुर निवासी श्यामलाल का कैराना-जगनपुर लिंक मार्ग से करीब 500 मीटर की दूरी पर खेत स्थित है। बुधवार शाम करीब छह बजे किसान अपने ईंख के खेत में खाद डाल रहा था। तभी ईंख में दो महिलाओं के शव पड़े हुए मिले। मामले की सूचना किसान ने पुलिस को दी। एकसाथ दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ प्रदीप सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं के शव रस्सियों से बांधकर ईंख में डाले गए थे, जिनके सिर पर गंभीर घाव के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों महिलाओं की हत्या करने के बाद उनके शव को यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया लेकिन, शिनाख्त नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, पुलिस में खलबली मची हुई है।

क्या है मौत का सच
पुलिस की मानें तो महिलाओं की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। महिलाओं के वेशभूषा से वे कहां की हो सकती है, अभी इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। यह भी हो सकता है कि दोनों महिला बाहर की रहने वाली हो या फिर महिलाएं स्थानीय भी हो सकती है। लेकिन, फिलहाल पुलिस अभी किसी परिणाम पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस ने तमाम बिंदुओं पर संज्ञान लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

हत्या से पहले हुई हाथापाई
जिन महिलाओं के शव मिले हैं, उनके सिर पर ही नहीं, बल्कि गले पर भी निशान पाए गए हैं। आशंका यह भी जताई जा रही है कि हत्या से पहले उनसे हाथापाई भी हुई है, क्योंकि यदि पहले गला घोंटकर हत्या कर दी जाती तो फिर सिर पर गंभीर घाव के शायद निशान न मिलते। दोनों महिलाओं के शव भी एकजगह बांधकर डाले गए थे।

इनका कहना-
ईंख के खेत से दो शव बरामद हुए हैं। दोनों के सिर पर गहरे घाव के निशान हैं। विवाहित है या अविवाहित, यह अभी स्पष्ट नहीं है। दोनों की आयु 20 से 25 वर्ष के बीच लग रही है। शिनाख्त नहीं होने पर पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है।- प्रदीप सिंह, सीओ कैराना।