शामली में फूटा कोरोना बम, व्यापारी की पत्नी मिली पॉजिटिव

-पॉजिटिव मरीज कराया गया कोविड अस्पताल में भर्ती, परिवार को किया क्वारंटाइन
-शहर के मुख्य बाजार से जुड़ा केस सामने आने के बाद व्यापारियों में मची खलबली
दीपक वर्मा@ शामली। शहर के मुख्य बाजार से संबंधित शिव चैक इलाके में एक बर्तन व्यापारी की पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती कराते हुए उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। व्यापारी के परिवार को क्वारंटाइन करते हुए घर के आस-पास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार शहर के शिव चैक इलाके में रहने वाले एक बर्तन व्यापारी की पत्नी पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी। परिवार के लोग 10 तारीख को महिला को सीएचसी शामली ले गए थे, जहां पर डॉक्टरों ने महिला की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए थे। सीएमओ संजय भटनागर के मुताबिक शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में महिला को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला को उपचार के लिए लेवल 1, कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि मरीज के परिवार के लोगों को क्वारंटाइन करते हुए उनकी भी सैंपलिंग की जा रही है। इसके साथ ही आस-पास के रिहायशी इलाके को भी सील किया जा रहा है।

व्यापारियों में मच गया हड़कंप
बर्तन व्यापारी की पत्नी ने कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना पर शहर के मुख्य बाजार से जुड़े अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। बाजार सील होने की आशंकाओं के चलते व्यापारियों में खलबली मचती नजर आई, हालाकि सीलिंग के लिए पहुंची टीम ने बर्तन व्यापारी के मकान के आस-पास के ही कुछ इलाके को सील किया, तब अन्य व्यापारियों की जान में जान आई।