‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’

  • अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणपति का विसर्जन
  • श्रद्धालुओं ने निकाली गणेश यात्रा, लगाए जयकारे

दीपक वर्मा@ शामली। मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर घरों में विराजमान किए गए भगवान गणपति का धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुआंे ने भगवान की पूजा अर्चना करते हुए उनका भव्य श्रृंगार किया तथा गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। वहीं मंदिर आट्ठेवाला से भी श्रद्धालुओं ने धूमधाम के साथ भगवान गणपति की यात्रा निकाली तथा झिंझाना रोड स्थित पूर्वी यमुना में मंत्रोच्चार के बाद उनका विसर्जन किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर्व के मौके पर घरों मंे विराजमान किए गए भगवान गणपति को विदाई दी गयी। श्रद्धालुओं ने भगवान का भव्य श्रृंगार किया। कई श्रद्धालु भगवान गणपति की प्रतिमाओं को अपने-अपने वाहनों द्वारा कैराना व झिंझाना रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पर पहुंचे तथा पूजा अर्चना के बाद उनका विसर्जन किया। वहीं अधिकांश श्रद्धालुओं ने यमुना नहर पर न जाकर अपने-अपने घरों में बडे बर्तनों में गणपति का विसर्जन कर उन्हें विदाई दी। इससे पूर्व पिछले दस दिन से चल रहे गणेश महोत्सव का भी समापन हो गया। वहीं दूसरी ओर शहर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित मंदिर आट्ठेवाला में स्थपित की गयी भगवान गणेश की प्रतिमा की श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा निकाली गयी जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। पूजा अर्चना पंडित प्रदीप शर्मा ने संपन्न करायी। श्रद्धालु मंदिर प्रांगण से चलकर झिंझाना रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पर पहुंचे जहां पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति का विसर्जन किया। मौके पर गणपति बप्पा मोरया के जयकारे भी लगाए गए। इस अवसर पर गणेश मंडल के सदस्य निशिकांत संगल, राजेन्द्र गर्ग, अश्विनी कांबोज, हिमांशु गर्ग, शिवम गर्ग, दीपक गर्ग, शिवम शर्मा, विनीत नामदेव, अनुराग शर्मा, अजय वर्मा, अरविन्द शर्मा, केडी शर्मा, संदीप गर्ग, टुन्ना गर्ग आदि भी मौजूद रहे। इसके अलावा शहर में कई स्थानांे पर भगवान गणपति का पूजा अर्चना के बाद विसर्जन किया गया तथा अगले साल आने की कामना की गयी। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण इस बार जिले में कहीं भी गणपति के सामूहिक पंडाल नहीं लगाए गए थे। प्रत्येक वर्ष पूरे धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ शहर में गणपति की शोभायात्रा निकाली जाती है लेकिन इस बार कोरोना के चलते ऐसा नहीं हो पाया।