पहली ही बारिश से पुन्हाना में हुआ पानी-पानी

IN8@पुन्हाना… शनिवार रविवार को हुई पहली बरसात में ही नगरपालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। पहली बारिश में ही पुन्हाना में चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दिया। जिसका कारण शहर के नालों और नालियों की समय पर सफाई नहीं होना है। हालांकि उपमण्डल अधिकारी ना. रणवीर सिंह ने बीते दिनों खुद शहर का निरीक्षण करके नपा प्रशासन को नालों की बरसात से पूर्व सफाई करने व शहर की सफाई व्यस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके शहर में नालो नालियों की समय रहते सफाई नहीं होना जलभराव की समस्या बन रही है। लोगों का कहना है कि पुन्हाना शहर की सफाई को लेकर कभी नगरपालिका प्रशासन ने पहल नहीं की, हमेशा शहर में गंदगी का आलम ही रहता आया है।

आपको बता दे कि पुन्हाना शहर में मुख्य मार्गो के अलावा शहर के अंदर पानी की निकासी के लिए नाले व नालियां तो है, लेकिन इनकी सफाई हुए जाने कितना समय हो गया, इसका अनुमान नही लगाया जा सकता। बरसात में आमजन को परेशानी का सामना नही करना पड़े इसके लिए दर्जनों शिकायते नगरपालिका प्रशासन व उपमंडल अधिकारी कार्यालय में भी दी गई तथा खुद एसडीएम महोदय ने शहर का निरीक्षण करने उपरांत नपा प्रशासन को सफाई व्यवस्था व नालो- नालियों की सफाई करने के निर्देश दिये जा चुके है। लेकिन नपा प्रशासन का ढीला ढाला रवैया लोगो की समस्या पर ध्यान नही देकर अपनी कुंभकर्णी निंद्रा में सोया हुआ है। जिसके चलते शनिवार रविवार को हुई बारिश से ही शहर के जमालगढ़ रोड, जुरहरा मोड़, पुराना अस्पताल मार्ग, अम्बेडकर पार्क मार्ग, अग्रवाल भवन मार्ग, ब्राह्मण मोहल्ला, काशी चौक, श्री राम मार्किट, पुराना थाना रोड इत्यादि मुख्य मार्गो पर जलभराव हो गया।

लोगो को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि पुन्हाना शहर की नालियां व नाले पूरी तरह सफाई के अभाव में कीचड़ व कूड़े से भरे होने के कारण उफान मार रहे है। थोड़ी सी बारिश में ही नालियों व नालों का पानी सड़कों पर एकत्रित हो जाता है। आने वाले समय में होने वाली बारिश में शहर की दुर्दशा ज्यादा खराब होगी। लोगो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर में होने वाले जलभराव व गंदगी क समस्या का समाधान किया जाए।