शामली में पुलिस टीम पर हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़, तीन पुलिसकर्मी घायल

मुख्य आरोपित समेत 30 लोग गिरफ्तार, अन्य फरार
45 नामजद व 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा
दीपक वर्मा@ शामली। झिंझाना क्षेत्र के गांव टपराना में एक दुस्साहसिक वारदात में गौकश को पकडने गई पुलिस टीम पर सैंकडों की भीड़ ने पथराव करते हुए हिरासत में लिए गए आरोपी को छुडा लिया। इस दौरान भीड ने पुलिस की दो गाडियों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर पुलिस विभाग में भी हडकंप मच गया। मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने ताबड़तोड़ दबिश देकर मुख्य आरोपी समेत तीस आरोपितों को गिरफ्तार कर करीब 45 को नामजद व 80 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी इतने शातिर थे कि उन्होंने पुलिस पर पथराव करने के चंद मिनटों बाद ही गलियों में पडे ईंट-पत्थर भी गायब कर दिए। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार झिंझाना क्षेत्र के गांव टपराना निवासी गौकशी का आरोपित अफजाल को जिला प्रशासन द्वारा जिला बदर किया गया है, लेकिन इसके बावजूद भी वह अपने घर में रह रहा है। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात अफजाल अपने घर में ही मौजूद है, सूचना पर पुलिस टीम जैसे ही आरोपी की गिरफ्तारी को उसके घर पहुंची तथा आरोपित को हिरासत में लिया तभी सैंकडों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए पथराव कर दिया तथा हिरासत में लिए अफजाल को छुडा लिया। भीड के हमले में तीन पुलिसकर्मी ज्ञानेन्द्र, सुनील सोलंकी व संजय तोमर सिर व हाथों में गंभीर चोट आने से घायल हो गए वहीं दो गाडियों को भी भारी क्षति पहुंचायी गयी। हमलावर इतने शातिर थे कि पुलिस पर पथराव के चंद मिनटों में ही गलियों से ईंट-पत्थर गायब कर दिए गए। पुलिस टीम पर हमले की सूचना से पुलिस विभाग में भी हडकंप मच गया जिसके बाद कई थानों की पुलिस फोर्स ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ताबड़तोड़ दबिश देते हुए मुख्य आरोपित अफजाल सहित 30 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य फरार हो गए। इस घटना से गांव में भी अफरातफरी मच गयी। पुलिस सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने ले आई तथा तीनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। एसपी विनीत जायसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। घटना के संबंध में पुलिस ने आरोपित अफजाल सहित 45 लोगों को नामजद व करीब 80 अज्ञात लोगांे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है, वहीं गांव में भी भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस पर लगाए आरोप
शामली। वहीं टपराना के ग्रामीणों ने भी पुलिस पर घरों में तोड़फोड़ करने व लोगो की जमकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस की पिटाई में कई महिलाएं समेत दर्जनों लोगों के घायल होने का भी दावा किया जा रहा है। बताया जाता है कि पुलिस सोमवार की रात भी अफजाल को दबोचने के लिए उसके मकान पर पहुंची थी मगर परिजनों ने पुलिस पर पत्थरबाजी करते हुए उसे दौड़ा लिया था।