सपा-कांग्रेस ने भी जताया आक्रोश, कडा एक्शन लेने की मांग

कांग्रेसियों ने शहीद सैनिकों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
दीपक वर्मा@ शामली। भारत-चीन सीमा पर हुए खूनी संघर्ष में 20 भारतीय जवानों की शहादत से लोगों में चीन के खिलाफ आक्रोश बढ गया है। बुधवार को समाजवादी पाटी कार्यकर्ताओं ने सैनिकों की शहादत पर आक्रोश जताते हुए चीन के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने चीन का पुतला फंूककर सरकार से कडी कार्रवाई की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार लद्दाख सीमा पर गलवन घाटी पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए खूनी संघर्ष में जहां 20 भारतीय जवान शहीद हो गए हैं वहीं भारी संख्या में चीनी सैनिक भी मारे गए हैं। चीन की इस गुस्ताखी व भारतीय सैनिकों के शहीद होने के बाद पूरे देश में चीन के खिलाफ लोगों में गुस्सा भडक गया है। बुधवार को शहर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी चीन की इस गुस्ताखी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। पार्टी के पूर्व प्रवक्ता व पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वर्मा मार्किट के बाहर चीन का पुतला जलाकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि चीन से सभी व्यापारिक, सामाजिक संबंध खत्म करते हुए उसके सामान का भी पूर्ण बहिष्कार करना चाहिए। हमारे 20 जवानों की शहादत के बदले चीन के 200 सैनिकों के सिर लाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस समय भारतीय सेना के साथ खडा है। कार्यकर्ताओं ने लोगों से चीनी सामान के बहिष्कार की भी अपील की गयी। इस अवसर पर सचिन राणा, मुमत्याज, दीपक, मदनपाल, वसीम आदि भी मौजूद थे।

दूसरी ओर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भी गलवन घाटी में चीन द्वारा किए गए हमले में 20 भारतीय जवानों के शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने कहा कि हमले में 20 जवानों के शहीद होने की घटना देश के लिए दुख की घडी है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछती है कि चीन के साथ जो भी समझौता किया गया है वो देश के लिए कितना लाभदायक सिद्ध हुआ। देश का हर नागरिक जानता है कि चीन भारत से कितनी दुश्मनी रखता है। उन्होने सरकार से मांग की कि चीन का कोई भी सामान न खरीदा जाए तथा उसके खिलाफ कडा एक्शन लिया जाए। कांग्रेस पार्टी भारतीय सेना के साथ खडी है। इस अवसर पर शहीद सैनिकों को मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। मौके पर शहर अध्यक्ष अनुज गौतम, धर्मेन्द्र कांबोज, प्रवीण तरार, अश्वनी शर्मा, देशबंधु बिंदल, हारून अंसारी, राधेश्याम सैनी, टोनी गिरी, सचिन शर्मा आदि मौजूद थे।