सरकार की जनविरोधी नीतियों से कर्मचारियों में रोष, राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया ऐलान

IN8@रोहतक…..केन्द्र व प्रदेश सरकार की कर्मचारी व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 26 नवंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी हडताल को सफल बनाने के लिए सर्व कर्मचारी संघ ने कमर कस ली है और सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को किसी भी कीमत पर निजी हाथों में नहीं सौपने दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश का कर्मचारी हर कुर्बानी देने को तैयार है। रविवार को कर्मचारी भवन में सर्व कर्मचारी संघ की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सुभाष लांबा की अध्यक्षता में हुई।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय ट्रेंड यूनियनों एवं केन्द्र व राज्य सरकार के कर्मचारी संघों की फैडरेशनों के आह्वान पर होने वाली इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में सभी विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों,नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं के लाखों कर्मचारी शामिल होंगे। हड़ताल की ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित करने के लिए सात अलग अलग टीमों का भी गठन किया गया। इसके अलावा पांच नवंबर को भी सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रर्दशन किए जाएंगे और मुख्य सचिव हरियाणा सरकार को संबोधित हड़ताल का नोटिस उपायुक्तों के माध्यम से सौंपा जाएगा।

बैठक में हड़ताल का पोस्टर भी जारी किया गया। इस अवसर पर सतीश सेठी, नरेश शास्त्री, सबिता मालिक, धर्मवीर फोगाट, राजेन्द्र प्रसाद बाटू, शीलक राम मालिक, मास्टर जगरोशन, सुरेश नोहरा, विजेंद्र सिंह बेनीवाल, मांगे राम तिगरा, राजबीर बेरवाल, संदीप संगवांन, सुभाष कौशिक, सुरेश राठी, शिव चरण, विजय मालिक, जय वीर, गुलशन भारद्वाज, युद्धवीर खत्री, भरत सिंह खटाना, संतोष यादव, अनिता, विजय, शीतल दास, नीलकंठ शर्मा, नसीर अहमद व सतबीर स्वामी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।