1800 बीघा शत्रु संपत्ति घोषित किए जाने का विरोध, अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी

संवाददाता गाजियाबाद। मोदीनगर नगर से सटे सीकरी खुर्द और आसपास की दर्जनों कॉलोनियों की करीब 1800 बीघा जमीन को शत्रु संपत्ति घोषित करने के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन गुरुवार को 9वें दिन जारी रहा। गुरुवार को दस महिलाएं अनशन पर रही। प्रशासन के उदासीन रैवये को देखते हुए शत्रु संपत्ति से प्रभावित कुछ लोगों ने सामूहिक मुंडन कराने का निर्णय लिया है।

उधर पूर्व विधायक सुदेश शर्मा ने भी अपना समर्थन देकर आंदोलन को गति प्रदान की। बता दें कि शत्रु संपत्ति के विरोध दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित अंबेड़कर प्रतिमा के पास पिछले आठ दिन अनिश्चितकालीन आंदोलन चल रहा है। आंदोलन पर रोजना की भांति गुरुवार को नीरज प्रजापति, सुमित्रा, विमला देवी, दुलारी, कमलेश, माला देवी, गीता, सुनीता, तथा रजनी व नीलम क्रमिक अनशन पर बैठी। पूर्व विधायक सुदेश शर्मा ने धरनास्थल पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

पूर्व विधायक सुदेश शर्मा ने कहा कि शासन प्रशासन को शत्रु संपत्ति का मामला गंभीरता से लेना चाहिए। जिला प्रशासन द्वारा गठित समिति द्वारा भी आपत्तियों का निस्तारण जल्द से जल्द करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद या विधायक को यह मामला केंद्रीय गृह मंत्रालय के समक्ष उठाना चाहिए। किसान नेता बबली गुर्जर ने कहा कि आंदोलन को चलते हुए 9 दिन हो गए, मगर तहसीलदार के अलावा अन्य कोई भी अधिकारी प्रभावितों से मिलने नहीं पहुंचा। बताया कि प्रशासन के रैवये से क्षुब्ध प्रभावति लोगों में से कुछ लोग कल सामूहिक मुंडन कराकर विरोध जताएंगे। आंदोलन को श्रीकांत त्यागी, सुनील शर्मा, राहुल गुर्जर तथा नवीन जैन आदि ने संबोधित किया।