अनुराधा पौडवाल के बेटे आदित्य का 35 वर्ष की उम्र में निधन

Spread the love

IN8@ : बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर अनुराधा पौडवाल के बेटे आदित्य पौडवाल का शनिवार सुबह निधन हो गया है। वह 35 साल के थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले कुछ महीनों से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे।

मां की तरह आदित्य भी भजन सिंगर थे और म्यूजिक कंपोज करते थे। फेसबुक पर आदित्य ने अपनी आवाज में रिकॉर्ड किए कई भजन शेयर किए हुए थे। आदित्य ने खुद कंपोज किया एक म्यूजिक वीडियो ‘अनवील्ड’ भी इसी साल 10 अगस्त को यूट्यूब पर रिलीज किया था।

कुछ महीनों पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह भक्ति संगीत पर और काम करने की प्लानिंग में जुटे थे लेकिन इसी बीच उनकी तबियत खराब हो गई। आदित्य का नाम भारत के सबसे कम उम्र के म्यूजिक डायरेक्टर के रूप में लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज है।

पद्मश्री और नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित अनुराधा पौडवाल ने लगभग 4 दशक तक बॉलीवुड गाने और भजन गाए हैं। उनकी शादी अरुण पौडवाल से हुई थी। अरुण संगीतकार एसडी बर्मन के असिस्टेंट थे।

नब्बे के दशक में अनुराधा पौडवाल अपने करियर के शिखर पर थीं, उसी समय 1991 में उनके पति अरुण की एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अब बेटा भी साथ छोड़कर चला गया। उनकी एक बेटी है जिसका नाम कविता पौडवाल है।