डबल मर्डर की नहीं सुलझी गुत्थी, चस्पा कराए पोस्टर

छह दिन बाद भी पुलिस नहीं करा सकी शिनाख्त, सूचना देने वाले शख्स को मिलेगा इनाम
दीपक वर्मा@ कैराना। ब्लाइंड डबल मर्डर प्रकरण की गुत्थी पुलिस अभी तक सुलझा नहीं पाई है। जंगल से बरामद हुए दोनों अज्ञात लड़कियों के शवों की छह दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हुई है। हालांकि पुलिस शवों को दफनवा चुकी है। पुलिस ने शवों की शिनाख्त के लिए अब पोस्टर भी जारी किया है। इस संबंध में पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम-पता गोपनीय रखने और उसे दस हजार रुपए से पुरस्कृत करने को भी कहा है। शवों की ंशिनाख्त के बाद पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी तो जांच भी तेजी के साथ आगे बढ़ पाएगी।

20 मई को जगनपुर के जंगल से दो अज्ञात लड़कियों के शव बरामद हुए थे। लड़कियों की बेरहमी से हत्या करने के बाद शवों को रस्सी से बांधकर ईंख के खेत में फेंका गया था। इस डबल ब्लाइंड मर्डर प्रकरण में पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। डॉग स्क्वायड की टीम को भी घटनास्थल पर कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। मेरठ से पहुंची फॉरेंसिंक विभाग की टीम ने साक्ष्य जुटाए थे, लेकिन कोई नतीजा अभी सामने नहीं आया है। एसपी ने भी चार अलग-अलग टीमें शवों की शिनाख्त कराने और घटना के राजफाश के लिए लगाई हुई है। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द राजफाश के निर्देश दे चुके हैं। हरियाणा राज्य के साथ-साथ क्षेत्र में गांवों, कॉलोनियों, ईंट-भट्ठों व औद्योगिक क्षेत्र में भी पुलिस फोटो के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास कर चुकी है लेकिन, शिनाख्त नहीं होने के कारण रविवार शाम अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मोर्चरी से शवों को निकालकर उन्हें कब्रिस्तान में दफनवा दिए थे। मंगलवार को छह दिन बाद भी पुलिस शवों की शिनाख्त नहीं करा सकी है।

अब पुलिस ने पोस्टर जारी कर दिया है, जिसमें मृतक दोनों लड़कियों के शवों के फोटो और उनका हुलिया बताया गया है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखने तथा दस हजार रुपए से पुरस्कृत करने को कहा है। पोस्टर पर एसपी, एएसपी, सीओ व कोतवाल का नंबर भी लिखवाया गया है। पुलिस शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा ले रही है। उधर, पुलिस हत्यारों के बारे में कोई अहम सुराग नहीं तलाश पाई है। शवों की शिनाख्त होने के बाद ही पुलिस की जांच भी तेजी के साथ आगे बढ़ पाएगी। इसमें पुलिस को हत्यारों तक पहुंचने में भी कामयाबी मिलेगी।