दामी व लेबर का भुगतान न होने के विरोध में आढ़तियों ने की सांकेतिक हड़ताल

IN8@ सिरसा:सरकार की ओर से दामी व लेबर का भुगतान न करने के विरोध में सरकार पर आक्रोशित आढ़तियों ने सोमवार को अनाज मंडी सिरसा में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की और चेतावनी दी कि अगर सरकार ने दामी व लेबर का शीघ्र भुगतान नहीं किया, तो आढ़ती संघर्ष की राह चुनने पर मजबूर होंगे।

हड़ताल का नेतृत्व कर रहे प्रधान हरदीप सरकारिया ने बताया कि सरकार ने अभी तक गेहूं की दामी और लेबर नहीं दी है, जिस कारण करोड़ों रुपयों का बकाया आढ़तियों का सरकार की ओर से बाकी है। गेहूं की खरीद बंद हुए करीब डेढ़ माह हो चुके है, लेकिन सरकार की पेमेंट में देरी होने के चलते आढ़ती मजदूरों का मजदूरी का भुगतान नहीं कर पाए है। उन्होंने कहा कि सरकार आढ़तियों का शोषण करने पर तुली है।

दिन प्रतिदिन ऐसे ऐसे नियम लागू कर रही है जो आढ़तियों के हित में नहीं है। सरकारिया ने कहा कि केंद्र सरकार के नए अध्यादेश के अनुसार सरकार आढ़तियों का काम बंद करना चाहती है, इसको लेकर आढ़तियों में भारी रोष है। इसी के विरोध स्वरूप यह सांकेतिक हड़ताल की गई है। इसके बावजूद अगर सरकार दामी व लेबर का भुगतान शीघ्र नहीं किया तो आढ़ती अनिश्चितकालीन हड़ताल भी कर सकते है।

इस हड़ताल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता होशियारीलाल शर्मा, सुभाष जोधपुरिया, इनैलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, इनैलो हलका प्रधान गुरविंद्र सिंह गिल, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हीरालाल शर्मा, सरंक्षक मास्टर रोशनलाल गोयल, एकाउटेंट एसोसिएशन के प्रधान प्रेम शर्मा, मजदूर यूनियन के प्रधान कृष्ण लाड़वाल सहित दलाल एसोसिएशन व अनेक संस्थाओंं के पदाधिकारियों ने समर्थन दिया। इस दौरान भारी संंख्या में अनाज मंडी के समस्त आढ़तियों व आढ़तियान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जलूस के रूप में मार्केट कमेटी सिरसा के कार्यालय में जाकर सचिव विकास सेतिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।