डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, बारीकी से की जांच

आसपास के रास्तों के बारे में ली जानकारी, जल्द राजफाश के निर्देश
संवाददाता @ कैराना। ब्लाइंड डबल मर्डर प्रकरण में डीआईजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारीकी से जांच करते हुए आसपास से गुजरने वाले रास्तों के बारे में जानकारी हासिल की। डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को शवों की शिनाख्त कराने तथा घटना के जल्द राजफाश किए जाने के निर्देश दिए हैं। रविवार शाम करीब छह बजे डीआईजी सहारनपुर उपेंद्र अग्रवाल डबल ब्लाइंड मर्डर प्रकरण में जगनपुर के जंगल में घटनास्थल पर पहुंचे। यहां से ही 20 मई को दोनों लड़कियों के शव बरामद हुए थे, जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। डीआईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ईंख के खेत के अंदर जहां से शव बरामद हुए थे, वहां भी डीआईजी पहुंचे। उन्होंने बारीकी के साथ जांच की।

मौके पर मौजूद अधिकारियों से डीआईजी ने घटनास्थल के आसपास से गुजरने वाले रास्तों की जानकारी हासिल की। उन्होंने खेत मालिक किसान के बारे में भी पूछा। डीआईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द ही शवों की शिनाख्त कराए जाने व घटनाक्रम का राजफाश किए जाने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने कहा कि घटनाक्रम के राजफाश के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही शवों की शिनाख्त भी करा ली जाएगी और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान एसपी विनीत जायसवाल, सीओ प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

शिनाख्त के लिए पुलिस ने छानी क्षेत्र की खाक
कैराना। 20 मई को जगनपुर गांव के जंगल से दो लड़कियों के शव बरामद हुए थे। उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। शवों की शिनाख्त और घटनाक्रम के राजफाश के लिए चार अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे तक नहीं पहुंची हैं। रविवार को पुलिस टीम औद्योगिक क्षेत्र कंडेला व आसपास के ईंट-भट्ठों पर पहुंची। जहां पुलिस द्वारा फोटो के माध्यम से शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। उधर, पुलिस ग्राम प्रधानों व चैकीदारों के।माध्यम से भी फोटो दिखाकर शवों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।