रविवार को बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा

Spread the love
  • दूसरे दिन भी लाॅकडाउन का किया उल्लंघन
  • सड़कों पर बेधडक दौडते रहे वाहन चालक, पुलिस मौन

दीपक वर्मा@शामली। प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए लाॅकडाउन का असर रविवार को भी देखने को मिला। हालांकि रविवार को साप्ताहिक बंदी का दिन था लेकिन लाॅक डाउन के चलते सभी गतिविधियां पूरी तरह बंद रही। सुबह के समय केवल दूध की दुकानें ही खुली, फल, सब्जियां व अन्य दुकानें पूरी तरह बंद रही वहीं मेडिकल स्टोर पूरे दिन खुले रहे। दूसरी ओर शहर में दूसरे दिन भी लाॅकडाउन का जमकर उल्लंघन हुआ, लोग अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर बेधडक सडकों से गुजरते रहे और पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे।
जानकारी के अनुसार प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की रात 10 बजे से सोमवार की सुबह 5 बजे तक लाॅक डाउन घोषित किया है। रविवार को भी लाॅक डाउन का पूरा असर दिखाई दिया। हालांकि रविवार का दिन साप्ताहिक बंदी के लिए निर्धारित है और केवल फल सब्जी, दूध की दुकानों को केवल 12 बजे तक खोलने की अनुमति है लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा लागू किए गए लाॅकडाउन में सभी प्रतिष्ठानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं जिसके चलते रविवार को केवल दूध की दुकानें ही सुबह 7 से 9 बजे तक खुली, फल, सब्जी, किराना आदि की दुकानें पूरी तरह बंद रही। मेडिकल स्टोर पूरे दिन खुले रहे। शहर के धीमानपुरा, भिक्की मोड, सुभाष चैंक, रेलवे रोड, गांधी चैंक बडा बाजार, नया बाजार, कबाडी बाजार, फव्वारा चैंक, वीवी इंटर कालेज रोड हनुमान रोड, अस्पताल रोड, बुढाना रोड आदि पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा और लोग अपने घरों में ही कैद रहे। हालांकि गली मौहल्लों में कुछ लोगों ने अपनी दुकानें खोलकर ग्राहकों को सामान भी उपलब्ध कराया। दूसरी ओर रविवार को भी लोगों द्वारा लाॅकडाउन का जमकर उल्लंघन किया। लोग अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर बेधडक सडकों पर घूमते रहे, पुलिसकर्मी वाहन चालकों को देखकर भी अनजान बने रहे, हालांकि एक दो जगह पुलिस ने कई वाहन चालकों को पकडकर उनके चालान भी काटे लेकिन स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही।