शामली आस-पास: गंदराऊ संघर्ष प्रकरण में 12 लोग गिरफ्तार

संवाददाता@ कैराना। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष प्रकरण में पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।
रविवार को गांव गंदराऊ में वर्तमान प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष के पक्ष जमीनी विवाद को लेकर संघर्ष हो गया था। इस दौरान मारपीट, पथराव और फायरिंग भी हुई थी। इस दौरान दो युवक घायल हुए थे। एक को गोली लगी थी। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष के आमिर, जुल्फान, मेहरबान, अख्तर, इरशाद, इनाम, अरशद तथा दूसरे पक्ष के फुरकान, मेहरदीन, शहजाद, वासिल व इरफान निवासीगण गंदराऊ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।

ईद को लेकर डीएम-एसपी ने किया भ्रमण
संवाददाता@ कैराना। ईद-उल-फितर का त्योहार लोगों ने सादगी के साथ मनाया। ईद की नमाज घरों में अदा की गई। वहीं, डीएम-एसपी ने भी नगर का भ्रमण किया।
सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े ही सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिदों में 3-4 लोगों ने ईद की नमाज अदा की, जबकि अन्य लोगों द्वारा अपने घरों में नमाज अदा की गई। लोगों ने कोरोना से मुक्ति के लिए विशेष दुआएं मांगी। वहीं, डीएम जसजीत कौर व एसपी विनीत जायसवाल भी कैराना पहुंचे। उन्होंने मुख्य चैक बाजार, ईदगाह रोड आदि का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही, लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।

मां ने बेटे के खिलाफ दर्ज कराया हत्या का मुकदमा संवाददाता@ कैराना। ऊंचागांव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई संजय की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां ने अपने ही बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हत्या के पीछे की वजह मां-बाप की सेवा से खफा होकर वारदात को अंजाम देना बताया गया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी संजय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इस मामले में मृतक की मां अमरकली की ओर से अपने ही बेटे सतीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। महिला ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके तीन पुत्र संजय, सतीश और मोहित हैं, जिनमें बड़ा बेटा संजय मेहनत-मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था और वृद्ध मां-बाप की सेवा करता था। इसी बात से उसका मंझला बेटा सतीश अपने बड़े भाई से रंजिश रखता था, जिसे लेकर अक्सर उससे झगड़ा करता रहता था। 23ध्24 मई की रात करीब एक बजे सतीश ने घर आते ही संजय के साथ में गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय उसका छोटा बेटा घर बाहर गया हुआ था। घर पर वह और उसका पति था। आरोप है कि सतीश ने अपने बड़े भाई संजय पर चाकू से हमला कर दिया और उसका गला काटकर फरार हो गया। घटना के बाद वह दोनों पति-पत्नी होश हवाश खो बैठे। होश आने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।