नहीं मिल रही भीषण गर्मी से राहत

Spread the love

मुहाल हो रहा जनजीवन, दोपहर बाद बाजारों में भीड कम
दीपक वर्मा@ शामली। इन दिनों पड रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। गुरुवार को भी भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित रहा। सूर्य की तपिश से लोग गर्मी से मुहाल रहे। गर्मी के कारण छोटे-छोटे बच्चे भी बुरी तरह बिलबिला रहे हैं। बारिश के आसार भी नजर नहीं आ रहे हैं। सुबह के समय बाजारों में खरीददारी करने वाले लोग भी सिर मुंह को ढकने व छातों का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जुलाई का महीना शुरू हो गया है और गर्मी भी इस समय अपने पूरे चरम पर है। आलम यह है कि दिन निकलते ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है, लोग पूरे दिन गर्मी से मुहाल रहते हैं, तेज धूप के कारण मकान भट्टी की तरह तप रहे हैं जिससे लोगों को घरों में भी चैन नही मिल रहा है। तीन-चार दिन पूर्व शाम के समय हुई बारिश से लोगांे को काफी हद तक राहत मिली थी लेकिन इसके बाद से मौसम के साफ होने व धूप निकलने से गर्मी का प्रकोप फिर से बढ गया। घर के बाहर सूर्य की तपिश लोगों के शरीर को झुलसाने का काम कर रही है जिसके चलते लोग घरों में ही रहने को मजबूर है। सुबह के समय बाजारों को मिली छूट में लोग सिर व मुंह को ढककर ही बाहर निकल रहे हैं वहीं महिलाएं छाता लेकर खरीददारी करने जा रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पानी का सेवन कर रहे हैं लेकिन पसीना सूखने का नाम नहीं ले रहा है। गर्मी के कारण छोटे-छोटे बच्चे भी बुरी तरह बिलबिला रहे हैं। गर्मी के कारण गलियों में भी पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं दोपहर बाद सडकों पर लोगों की आवाजाही भी बेहद कम नजर आती है।